ब्रिक्स सदस्यों के बीच साझा बयान जारी करने पर बनी सहमति : सरकारी सूत्र
ब्रिक्स सदस्यों के बीच साझा बयान जारी करने पर बनी सहमति : सरकारी सूत्र
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) भारत की एक अहम कूटनीतिक कामयाबी के तहत, ब्रिक्स के सदस्य देश शनिवार तड़के तक चली लंबी बातचीत के बाद एक साझा बयान जारी करने पर सहमत हो गए हैं। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि बातचीत के दौरान कई विवादित मुद्दों पर मतभेद सामने आए, लेकिन भारत ने सदस्यों के बीच अलग-अलग विचारों में तालमेल बिठाने और आम सहमति बनाने के लिए लगातार बातचीत की, जो तड़के चार बजे तक चली।
उन्होंने बताया कि यह कामयाबी इसलिए भी विशेष है, क्योंकि कई क्षेत्रीय और भू-राजनीतिक मुद्दों पर गहरे मतभेदों एवं अलग-अलग रुख के बावजूद ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सभी एक ही मंच का हिस्सा हैं।
सूत्रों ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों और बढ़ते तनाव के बीच, ईरान, सऊदी अरब और यूएई जैसे देशों के बीच आम सहमति बनाना एक बेहद मुश्किल कूटनीतिक चुनौती थी।
उन्होंने बताया कि भारत की कूटनीतिक कुशलता ने यह सुनिश्चित किया कि इन मतभेदों से ब्रिक्स की प्रक्रिया पटरी से न उतरे, जिससे आम सहमति वाले संयुक्त बयान का रास्ता साफ हुआ।
भारत 12 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसमें 11 सदस्य देशों और 10 सहयोगी देशों के नेताओं के साथ-साथ कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं।
सम्मेलन में शामिल होने वाले नेताओं में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान शामिल हैं।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


