राजस्थान: सालासर बालाजी जा रहे तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
राजस्थान: सालासर बालाजी जा रहे तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
जयपुर, 12 सितंबर (भाषा) राजस्थान के चूरू जिले में शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सालासर बालाजी मंदिर की पदयात्रा पर जा रहे तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सालासर थाना प्रभारी शंकर लाल भारी ने बताया कि हादसा सालासर बालाजी मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान नागौर जिले के जायल निवासी राजेश भार्गव (27), नटवर भार्गव (29) और विक्रम (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक करीब 80 श्रद्धालुओं के उस जत्थे में शामिल थे, जो 10 सितंबर को जायल से सालासर बालाजी के लिए पैदल रवाना हुआ था। थानाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात अन्य श्रद्धालु आराम करने के लिए सालासर से करीब 11 किलोमीटर दूर गनेड़ी में रुक गए थे जबकि तीनों युवक रात में ही सालासर पहुंचने के लिए आगे निकल गए।
उन्होंने बताया कि रास्ते में अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर हादसे के बाद फरार हुए वाहन तथा चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


