ब्रिक्स शहरीकरण मंच का आयोजन 11-12 जून को दिल्ली में किया जाएगा
ब्रिक्स शहरीकरण मंच का आयोजन 11-12 जून को दिल्ली में किया जाएगा
नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली में 11-12 जून को 13वें ब्रिक्स शहरीकरण मंच का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सदस्य देशों के बीच सामान्य शहरी चुनौतियों से निपटने और जन-केंद्रित, लचीले और टिकाऊ शहरों को बढ़ावा देने पर सहयोग को गहरा करने की उम्मीद है।
सम्मेलन से पहले सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में इस मंच की घोषणा करते हुए, केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह आयोजन 2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत एक महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय सहभागिता होगी और “लोगों के लिए शहर: समावेशी और लचीले शहरी भविष्य के लिए ब्रिक्स सहयोग” विषय से निर्देशित होगा।
मंत्री ने कहा कि यह मंच ऐसे समय में महत्वपूर्ण हो जाता है जब ब्रिक्स देशों में तेजी से शहरीकरण हो रहा है और वे आवास, गतिशीलता, जलवायु जोखिम, नगरपालिका प्रशासन, शहरी वित्त और नागरिक सेवाओं के वितरण से संबंधित चुनौतियों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह मंच सदस्य देशों को नीतिगत अनुभवों का आदान-प्रदान करने, साझा प्राथमिकताओं की पहचान करने और व्यापक ब्रिक्स प्रक्रिया में शहर संबंधी सुझाव देने में सक्षम बनाएगा।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अनुसार, भारत ने ब्रिक्स शहरी एजेंडे को आकार देने में अग्रणी भूमिका निभाई है, क्योंकि उसने 2013 में नयी दिल्ली में पहले शहरीकरण मंच की मेजबानी की थी।
देश ने 2016 में विशाखापत्तनम में और 2021 में डिजिटल माध्यम से इस कार्यक्रम की मेजबानी भी की थी, जिसमें सतत शहरी विकास और महामारी के बाद शहरी पुनर्निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया गया था।
भाषा
प्रशांत वैभव
वैभव

Facebook


