झारखंड के चतरा में एक व्यक्ति की मौत के मामले में उसका भाई गिरफ्तार

Ads

झारखंड के चतरा में एक व्यक्ति की मौत के मामले में उसका भाई गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 12:57 AM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 12:57 AM IST

चतरा, 11 मई (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति की कथित हत्या के मामले में उसके भाई को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

चतरा सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संदीप सुमन ने संवाददाताओं को बताया कि अनीश कुमार के परिजनों ने छह मार्च को सदर थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने कहा, “तलाशी अभियान के दौरान सात मार्च को चतरा सदर प्रखंड कार्यालय के पास स्थित बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय के निकट अनीश कुमार का शव मिला। शव मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और नौ मार्च को हत्या का मामला दर्ज कराया।”

पुलिस अधिकारी ने बताया, “सीसीटीवी फुटेज के अलावा डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए तथा अनीश के दोस्तों, सहकर्मियों और परिवार के सदस्यों समेत कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।”

पूछताछ के दौरान पुलिस को अनीश के भाई मनीष कुमार का बयान संदिग्ध लगा, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई।

संदीप सुमन ने कहा, “कड़ी पूछताछ के बाद मनीष कुमार ने स्वीकार किया कि छह और सात मार्च की दरमियानी रात दोनों भाइयों के बीच हुए झगड़े के दौरान दुर्घटनावश उसके भाई की मौत हो गई थी।”

पुलिस के मुताबिक, मनीष ने बताया कि वह अपने भाई की तलाश करते हुए ब्लॉक कार्यालय के पास स्थित शौचालय की छत पर पहुंचा, जहां अनीश नशे की हालत में मिला। घर लौटने को लेकर दोनों के बीच बहस और हाथापाई हुई, जिसके दौरान अनीश नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।

भाषा खारी संतोष

संतोष