झारखंड में करीब 20 लाख रुपये मूल्य की ‘ब्राउन शुगर’ जब्त, आठ गिरफ्तार
झारखंड में करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 'ब्राउन शुगर' जब्त, आठ गिरफ्तार
सरायकेला/चतरा, सात मई (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 16.50 लाख रुपये मूल्य की ‘ब्राउन शुगर’ जब्त की है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक खुफिया सूचना पर कपाली पुलिस चौकी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने बुधवार को बंधुगोड़ा इलाके के एक घर में छापेमारी की और एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई जो कि 679 छोटे पैकेटों में थी।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 16.50 लाख रुपये है।
एक अधिकारी के अनुसार, एक अन्य घटना में चतरा जिले में बुधवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 27 ग्राम ‘ब्राउन शुगर’ जब्त की गई।
अधिकारी ने बताया राजटांड़ और कोलेश्वर मंदिर के बीच मादक पदार्थ की तस्करी होने की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने छापेमारी कर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्धों को पकड़ा है।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने 27 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


