ओडिशा के कोरापुट में स्कूल का मुख्य द्वार गिरने से दो छात्र घायल

ओडिशा के कोरापुट में स्कूल का मुख्य द्वार गिरने से दो छात्र घायल

ओडिशा के कोरापुट में स्कूल का मुख्य द्वार गिरने से दो छात्र घायल
Modified Date: August 6, 2026 / 03:48 pm IST
Published Date: August 6, 2026 3:48 pm IST

कोरापुट (ओडिशा), छह अगस्त (भाषा) ओडिशा के कोरापुट जिले में बृहस्पतिवार को एक सरकारी स्कूल का मुख्य द्वार गिर जाने से उसकी चपेट में आकर दो छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना नंदापुर ब्लॉक की कासंडी पंचायत के अंतर्गत आने वाले कलाडी प्रोजेक्ट उच्च प्राथमिक विद्यालय में उस समय हुई, जब बच्चे परिसर में प्रवेश कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि घायल छात्रों की पहचान दीपक माझी (7 वर्ष) और कामेश खिल (8 वर्ष) के रूप में हुई है।

घायल बच्चों के परिजनों के अनुसार, छात्र सुबह स्कूल पहुंचे थे और मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हो रहे थे। तभी जंग लगा लोहे का गेट, पास की सीमेंट की चहारदीवारी के एक हिस्से के साथ अचानक उन पर आ गिरा।

पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए नंदापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि दोनों छात्रों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है और अब वे खतरे से बाहर हैं।

नंदापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, ‘बच्चों को मामूली चोटें आई थीं और उनका इलाज कर दिया गया है। उनकी हालत स्थिर है तथा प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।’

स्कूल अधिकारियों ने बताया कि मुख्य द्वार समय के साथ कमजोर हो गया था और बारिश के कारण अचानक ढह गया।

स्कूल के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमने घटना की जानकारी नंदापुर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक विकास अधिकारी को दे दी है तथा छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है।’

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में