राजस्थान में बाल सुधार गृह के वार्डन की पीट-पीट कर हत्या: पुलिस

राजस्थान में बाल सुधार गृह के वार्डन की पीट-पीट कर हत्या: पुलिस

राजस्थान में बाल सुधार गृह के वार्डन की पीट-पीट कर हत्या: पुलिस
Modified Date: August 6, 2026 / 03:49 pm IST
Published Date: August 6, 2026 3:49 pm IST

जयपुर, छह अगस्त (भाषा) राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बाल सुधार गृह में वार्डन की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार बाल सुधार गृह में रह रहे तीन बाल अपचारियों (किशोरों) ने बुधवार रात वार्डन साहबराम को लकड़ी के फट्टे से पीटा। इस संबंध में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शहर की अम्बे विहार कॉलोनी के 63 वर्षीय साहब राम के रूप में हुई। वह पूर्व सैनिक थे।

जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा और हमले के कारण जानने के लिए उनकी पुलिस रिमांड मांगी जाएगी।’

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की प्रशासन से बातचीत चल रही है।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों में से दो हत्या के व एक एनडीपीएस के मामले में बाल सुधार गृह में बंद है। उन्होंने बताया कि बाल सुधार गृह में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा चल रही थी तभी यह घटना घटी।

उन्होंने कहा कि साहब राम परिसर के अंदर खराब एयर कूलर की मरम्मत के लिए दूसरे सुरक्षा गार्ड से औजार लेने जा रहे थे तभी तीन किशोरों ने कथित तौर पर पीछे से लकड़ी के फट्टे से उन पर हमला कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा, साहबराम के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

पुलिस मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूत खंगाल रही है।

भाषा पृथ्वी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में