हैदराबाद, 23 जुलाई (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस उन्हें एक निजी कंपनी से ‘बेनामी’ कंपनी के तौर पर जोड़ने वाले आरोपों को लेकर भेजा गया है।
बीआरएस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, रामा राव ने रेड्डी के आरोपों को झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानि करने वाला बताते हुए कहा कि उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें मांग की गई है कि मुख्यमंत्री 48 घंटे के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगें, क्योंकि उन्होंने कंपनी को गलत तरीके से उनकी “बेनामी” बताया और कई अन्य बेबुनियाद आरोप लगाए।
रामा राव ने कहा कि रेड्डी द्वारा बिना किसी सबूत के कई “गैर-जिम्मेदाराना” बयान देने के बाद कानूनी नोटिस भेजा गया। राव ने जोर देकर कहा कि कंपनी के साथ उनका कोई मालिकाना हक, वित्तीय या किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है और उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे अपने आरोपों को विश्वसनीय सबूतों के साथ साबित करें।
विज्ञप्ति में केटीआर के हवाले से कहा गया, “मुख्यमंत्री से कहा गया है कि वे 48 घंटों के भीतर अपने आरोपों को साबित करें। अगर वे ऐसा करने में नाकाम रहते हैं, तो उन्हें बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। ऐसा न करने पर, उन्हें उचित दीवानी और आपराधिक कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, जिसमें मेरी प्रतिष्ठा को हुए अपूरणीय नुकसान के लिए मानहानि का मुकदमा भी शामिल है।”
भाषा प्रशांत रंजन
रंजन