पुडुचेरी विधानसभा का बजट सत्र 24 अगस्त से होगा शुरु
पुडुचेरी विधानसभा का बजट सत्र 24 अगस्त से होगा शुरु
पुडुचेरी, सात अगस्त (भाषा) पुडुचेरी विधानसभा का बजट सत्र 24 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष ए. अनबलगन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अनबलगन ने संवाददाताओं से कहा कि बजट सत्र की शुरुआत सुबह साढ़े नौ बजे उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन के पारंपरिक अभिभाषण से होगी।
उन्होंने बताया कि यह केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 16वीं विधानसभा का पहला बजट सत्र होगा। एआईएनआरसी-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के पास वित्त विभाग का भी प्रभार है।
अनबलगन ने कहा कि मुख्यमंत्री सत्र के पहले दिन अपराह्न तीन बजे वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि सदन की कार्यवाही का सीधा प्रसारण स्थानीय टेलीविजन चैनलों के अलावा फेसबुक, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर किया जाएगा।
नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन ने सत्ता में वापसी की थी।
मुख्यमंत्री रंगासामी समेत छह सदस्यीय मंत्रिमंडल में एआईएनआरसी के चार और भाजपा के दो सदस्य शामिल हैं।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


