अमेरिकी नागरिकों के साथ ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

अमेरिकी नागरिकों के साथ ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

अमेरिकी नागरिकों के साथ ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार
Modified Date: September 30, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: September 30, 2026 3:40 pm IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने फर्जी ‘एप्पल/आईओएस’ तकनीकी-सहायता कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों के साथ कथित तौर पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने कॉल सेंटर के मालिक और साझेदार समेत सात लोगों को नारायणा औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

बयान में कहा गया कि आरोपी नारायणा औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित एक परिसर से ‘वेप्ट्रा’ नाम से संचालन कर रहे थे।

यह कार्रवाई 25 सितंबर को मिली विशिष्ट जानकारी के बाद की गई जिसके बाद एक टीम ने परिसर पर छापेमारी की।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर मालिक अरुण (29), उसके साझेदार सलीम (28) और पांच अन्य को हिरासत में लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि कॉलर फर्जी अंग्रेजी नामों के तहत अमेरिका में लोगों से बातचीत करते थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर एप्पल/आईओएस तकनीकी-सहायता अधिकारी बनकर टोल-फ्री नंबरों के माध्यम से अमेरिका निवासियों से संपर्क करते थे।

बयान में कहा गया है कि वे पीड़ितों को बताते थे कि उनके उपकरणों या प्रणालियों में वायरस, मैलवेयर या अश्लील सामग्री पाई गई है और तत्काल तकनीकी सहायता की पेशकश करके उनमें आशंका पैदा करते थे।

पुलिस ने कहा कि इसके बाद पीड़ितों को कथित तौर पर तकनीकी समस्याओं को हल करने के लिए गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए राजी किया जाता था।

बयान में कहा गया कि आरोपी गिफ्ट-कार्ड का विवरण या कोड हासिल कर इसे अपने साथियों के साथ साझा करते थे।

पुलिस ने बताया कि मामले में पांच लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, 10 क्रेडिट/डेबिट कार्ड, पांच चेक बुक और एक ऑडी कार बरामद की गई है।

भाषा नोमान अविनाश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में