जनगणना और एसआईआर के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए स्कूलों में अभियान चलाए जाएं: सोरेन
जनगणना और एसआईआर के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए स्कूलों में अभियान चलाए जाएं: सोरेन
रांची, एक जून (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्कूलों में जनगणना और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाएं।
पूरे झारखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत घरों/परिवारों की सूची तैयार करने और घरेलू आंकड़े एकत्र करने का कार्य जारी है और यह 14 जून तक चलेगा।
दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग ने 30 जून से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की घोषणा की है।
अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को भी स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, “कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में अभियान चलाकर बच्चों को एसआईआर और जनगणना से संबंधित विषयों की जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने माता-पिता को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें। शिक्षा विभाग भी अपने सभी स्कूलों में ऐसा ही अभियान चलाए।”
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की भी समीक्षा की और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से योजना के लाभार्थियों से बातचीत की।
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


