कनाडा को चंदन कुमार के हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए: परमेश्वर
कनाडा को चंदन कुमार के हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए: परमेश्वर
बेंगलुरु, 10 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि कनाडा सरकार को टोरंटो में दो दिन पहले हुई 37 वर्षीय चंदन कुमार की कथित लक्षित हत्या के मामले में हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला स्थित थ्यामगोंडलु गांव के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर चंदन कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक नंद कुमार के इकलौते पुत्र थे।
उनके माता-पिता ने केंद्र और कर्नाटक सरकार से टोरंटो से उनके बेटे का शव भारत लाने में मदद की अपील की है।
पत्रकारों से बातचीत में परमेश्वर ने कहा कि कुमार की हत्या की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुमार को क्यों निशाना बनाया गया।
परमेश्वर ने कहा, “वह एक प्रतिभाशाली व्यक्ति था, जो वहां जाकर परियोजना निदेशक के रूप में काम कर रहा था। कनाडा में लागू कानूनों के तहत हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मुझे जानकारी मिली है कि जांच शुरू हो चुकी है।”
शव को भारत लाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला भारतीय अधिकारियों के संज्ञान में आ गया है और वे आवश्यक व्यवस्था करेंगे।
कुमार के शोकाकुल माता-पिता ने परमेश्वर से कहा कि इकलौते बेटे को खोने के बाद उनके पास जीने का कोई आधार नहीं बचा है।
कुमार की मां ने मंत्री से गुहार लगाई, “कृपया जल्द से जल्द शव को वापस लाने में हमारी मदद करें।”
परमेश्वर ने कहा कि इस संबंध में कर्नाटक सरकार ने कनाडा स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया है।
भाषा
मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


