गोवा में खामियों के चलते तीन सरकारी कार्यालयों की कैंटीन बंद

Ads

गोवा में खामियों के चलते तीन सरकारी कार्यालयों की कैंटीन बंद

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 05:19 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 05:19 PM IST

पणजी, 27 अगस्त (भाषा) गोवा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के निरीक्षण के दौरान बनावट से जुड़ी गंभीर कमियों और रसोई में साफ-सफाई की खराब हालत पाए जाने पर सरकारी दफ्तरों में भोजन मुहैया कराने वाली तीन कैंटीन को अपना कामकाज रोकने के लिए कहा गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राणे ने बताया कि एफडीए की टीम ने उत्तरी गोवा के पोरवोरिम में कार्यालय परिसरों के आसपास और उनमें संचालित कैंटीन तथा भोजनालयों का निरीक्षण किया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि कुल चार इकाइयों का निरीक्षण किया गया जिनमें सरकारी कार्यालयों में संचालित तीन कैंटीन और एक निजी रेस्तरां शामिल था।

राणे ने कहा, ‘गंभीर ढांचागत खामियां और रसोई में साफ-सफाई की खराब स्थिति पाए जाने के बाद तीन इकाइयों को कामकाज बंद करने का निर्देश दिया गया।कामकाज फिर से शुरू करने की इजाज़त देने से पहले नियमों के पालन की जांच की जाएगी।’

उन्होंने कहा कि गोवा के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्री ने बताया कि एफडीए अब तटीय राज्य में सरकारी और निजी संस्थानों में संचालित कैंटीन के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाएगा। उन्होंने सभी कैंटीन संचालकों से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

राणे ने कहा, ‘सुरक्षित भोजन के मामले में कोई समझौता नहीं किया जा सकता और हमारी निगरानी जारी रहेगी।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश