रणथम्भौर में सफारी के दौरान कैंटर के ब्रेक फेल, चालक और वाहन पर प्रतिबंध

रणथम्भौर में सफारी के दौरान कैंटर के ब्रेक फेल, चालक और वाहन पर प्रतिबंध

रणथम्भौर में सफारी के दौरान कैंटर के ब्रेक फेल, चालक और वाहन पर प्रतिबंध
Modified Date: June 8, 2026 / 11:46 pm IST
Published Date: June 8, 2026 11:46 pm IST

जयपुर, आठ जून (भाषा) राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के जोन-4 में सोमवार सुबह सफारी के दौरान एक कैंटर वाहन के ब्रेक फेल हो गए। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

रणथम्भौर बाघ परियोजना के उपवन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन चालक की लापरवाही और वाहन संचालन में त्रुटि सामने आई है। हालांकि, इस घटना में किसी भी पर्यटक को गंभीर चोट नहीं आई।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित चालक और कैंटर वाहन को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा के प्रति रणथम्भौर टाइगर रिजर्व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी पर्यटन वाहनों और चालकों को निर्धारित नियमों तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में