कावेरी जल विवाद: दिनाकरन ने कर्नाटक, मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधा

Ads

कावेरी जल विवाद: दिनाकरन ने कर्नाटक, मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 09:20 PM IST

चेन्नई, 11 जुलाई (भाषा) एएमएमके नेता टीटीवी दिनाकरन ने शनिवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर राज्य के नदी अधिकारों से समझौता करने का आरोप लगाया और कावेरी का पानी छोड़ने से कर्नाटक के कथित इनकार की कड़ी निंदा की।

दिनाकरन ने कहा, “खबरों के अनुसार, कर्नाटक के सिंचाई मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा है कि तमिलनाडु को पानी नहीं दिया जा सकता और तमिलनाडु सरकार से पानी छोड़ने का कोई अनुरोध नहीं मिला है। यह राज्यों के एकीकरण और उच्चतम न्यायालय के फैसले के पूरी तरह खिलाफ है।”

दिनाकरन ने एक बयान में कहा कि मंत्री रेड्डी के बयान से कावेरी डेल्टा के किसानों और तमिलनाडु के 20 से ज्यादा जिलों के उन लाखों लोगों में गहरा क्षोभ और भारी नाराजगी है, जो पीने के पानी और सिंचाई के लिए मुख्य रूप से कावेरी नदी पर निर्भर हैं।

दिनाकरन ने पूरी घटना को “कानून के शासन का घोर अपमान” बताया।

अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कषगम (एएमएमके) नेता ने कहा कि मेट्टूर बांध, जिसे 12 जून को खोला जाना चाहिए था, वह अब तक बंद है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार जून के लिए 9.91 टीएमसी और जुलाई के लिए 32 टीएमसी का तमिलनाडु का हिस्सा जारी करने में देरी कर रही है। उन्होंने इस रवैये को “बेहद निंदनीय” भी बताया।

अपनी सरकार बनाए रखने के लिए टीवीके के कांग्रेस विधायकों पर निर्भरता का जिक्र करते हुए, दिनाकरन ने दावा किया, “अब यह शक पैदा हो रहा है कि क्या टीवीके सरकार सिर्फ गिरने से बचने के लिए कावेरी मुद्दे पर तमिलनाडु के अधिकारों को कर्नाटक कांग्रेस सरकार के पास ‘गिरवी’ रखने को तैयार है।”

दिनाकरन ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री विजय से आग्रह करता हूं कि वे तमिलनाडु की जनता को धोखा देने के लिए अपना आम तौर पर अपनाया जाने वाला निष्क्रिय और टालमटोल वाला रवैया न अपनाएं ।”

भाषा प्रशांत पवनेश

पवनेश

ताजा खबर