सीबीआई ने नीट यूजी प्रश्न पत्र लीक मामले में लातूर के डॉक्टर, पुणे के भौतिक विज्ञान के शिक्षक को गिरफ्तार किया

Ads

सीबीआई ने नीट यूजी प्रश्न पत्र लीक मामले में लातूर के डॉक्टर, पुणे के भौतिक विज्ञान के शिक्षक को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 11:12 AM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 11:12 AM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में लातूर के एक डॉक्टर और पुणे स्थित एक कोचिंग संस्थान के भौतिकी विज्ञान के शिक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, जांच एजेंसी ने मनोज शिरुरे को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने तीन छात्रों को नीट का प्रश्न पत्र तैयार करने वाले पी वी कुलकर्णी से रसायन विज्ञान के प्रश्न दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इन छात्रों में रेनुकाई करियर सेंटर (आरसीसी) के संस्थापक शिवराज मोटेगांवकर का बेटा भी शामिल था।

लातूर में आरसीसी का संचालन करने वाले मोटेगांवकर को हाल ही में इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने पुणे स्थित कोचिंग सेंटर डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी (एपीएमए) के भौतिक विज्ञान के शिक्षक तेजस हर्षदकुमार शाह को भी गिरफ्तार किया है।

उनके अनुसार, शाह को गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से नीट-यूजी 2026 के भौतिकी के लीक प्रश्न मिले थे।

इसके साथ ही प्रश्नपत्र लीक मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘इस मामले में पूरी साजिश और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। सीबीआई अब तक 49 स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप तथा मोबाइल फोन जब्त किए हैं।’’

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 12 मई को मेडिकल प्रवेश परीक्षा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) यानी नीट को प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बीच रद्द कर दिया था। यह परीक्षा तीन मई को हुई थी और पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित की गई है।

भाषा गोला रंजन

रंजन

रंजन