झारखंड में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गोली लगने से बदमाश घायल

Ads

झारखंड में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गोली लगने से बदमाश घायल

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 01:37 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 01:37 PM IST

मेदिनीनगर, छह अगस्त (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में बृहस्पतिवार को एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन कर हिरासत से भागने की कोशिश करने वाला एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा इलाके में हुई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी सुमित चंद्रवंशी को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने पोखराहा में अपना हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस उसे हथियार की बरामदगी के लिए वहां ले जा रही थी।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया और इस दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके पैर में जा लगी।

एसपी ने बताया कि चंद्रवंशी को उपचार के लिए पुलिस हिरासत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन