सीबीआई ने डीए मामले में घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया

Ads

सीबीआई ने डीए मामले में घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 05:25 PM IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) के मामले में एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी संतोष कुमार को तकनीकी खुफिया जानकारी और सत्यापन के आधार पर दिल्ली में 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई के अनुसार बीएसएनएल के तत्कालीन महाप्रबंधक चंद्र शेखर, कुमार और अन्य के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों पर 17 जून, 2008 को मामला दर्ज किया गया था।

प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान, कुमार ने खुद को एक निजी कंपनी के निदेशक या अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में पेश किया और लोक सेवक को बचाने के लिए तलाशी के दौरान बरामद 85 लाख रुपये पर स्वामित्व का दावा करते हुए याचिकाएं दायर कीं।

उन्होंने कहा कि आरोप है कि जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके स्वामित्व का झूठा रिकॉर्ड बनाया गया था।

इस मामले में पहले सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत, अंबाला में आरोप-पत्र दायर किया गया था। यह अदालत अब पंचकूला में स्थित है।

प्रवक्ता ने कहा कि अभियुक्त मुकदमे में उपस्थित होने में विफल रहा और 24 मार्च, 2011 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘लगातार प्रयासों के बावजूद, वह कई वर्षों तक लापता रहा। अब उसे पंचकूला स्थित सीबीआई अदालत में पेश किया जा रहा है।’’

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा