मुंबई, 20 फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र की रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) विचार-विमर्श कर अपने उम्मीदवार का फैसला करेगा।
महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होगा लेकिन विधानसभा में संख्याबल के अनुसार एमवीए केवल एक सीट पर जीत दर्ज कर सकती है। राउत का यह बयान उनकी पार्टी की ओर से राज्यसभा सीट पर दावा किये जाने के एक दिन बाद आया है।
एमवीए की घटक कांग्रेस ने कहा है कि उसे या तो राज्यसभा की सीट या विधान परिषद की सीट मिलनी चाहिए।
राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में एमवीए के घटकों शिवसेना (उबाठा), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के बीच इस मुद्दे को लेकर मतभेदों की खबरों को खारिज किया।
उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती मतभेद होना स्वाभाविक है। आखिर यह राजनीति है। लेकिन हम विचार-विमर्श के बाद ही निर्णय लेंगे। कांग्रेस का निर्णय दिल्ली में लिया जाता है, जबकि हमारा और राकांपा (शप) का निर्णय मुंबई में लिया जाता है। शरद पवार की भविष्य की योजनाओं पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। वह पांच दशकों से अधिक के विधायी अनुभव वाले सबसे वरिष्ठ नेता हैं, जबकि उद्धव ठाकरे पूर्व मुख्यमंत्री एवं एक राजनीतिक दल के प्रमुख हैं।’’
राज्यसभा सदस्य के रूप में शरद पवार का और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य के रूप में शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे का कार्यकाल क्रमशः अप्रैल और मई में समाप्त हो रहा है।
भाषा धीरज खारी
खारी