करूर घटना के संबंध में सीबीआई को ‘उचित जवाब’ दिए गए: द्रमुक नेता सेंथिल बालाजी

करूर घटना के संबंध में सीबीआई को ‘उचित जवाब’ दिए गए: द्रमुक नेता सेंथिल बालाजी

करूर घटना के संबंध में सीबीआई को ‘उचित जवाब’ दिए गए: द्रमुक नेता सेंथिल बालाजी
Modified Date: March 18, 2026 / 09:54 am IST
Published Date: March 18, 2026 9:54 am IST

चेन्नई, 18 मार्च (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता और तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी ने कहा कि उन्होंने करूर में पिछले साल हुई भगदड़ के संबंध में राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की गई पूछताछ के दौरान सभी सवालों के ‘‘उचित जवाब’’ दिए हैं।

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की 27 सितंबर 2025 को करूर में हुई रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।

बालाजी ने दिल्ली से लौटने के बाद चेन्नई हवाई अड्डे पर मंगलवार रात पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि वह केंद्रीय एजेंसी के सामने एक गवाह के रूप में पेश हुए थे।

बालाजी ने कहा, ‘‘सवाल मुख्य रूप से 27 सितंबर 2025 को करूर में हुई दुखद घटनाओं के बारे में थे। उस दौरान घटनास्थल पर मौजूद होने के नाते मैंने उनके सभी सवालों के उचित जवाब दिए हैं।’’

द्रमुक नेता से जब पत्रकारों ने यह पूछा कि सीबीआई द्वारा पूछे गए सवाल किस तरह के थे या फिर दिए गए विशिष्ट उत्तरों के बारे में विस्तार से जानना चाहा तो उन्होंने कहा, ‘‘जांच कर रही एजेंसी के पूछे गए विशिष्ट सवालों और जवाबों को सार्वजनिक रूप से प्रकट करना उचित नहीं होगा।’’

बालाजी ने बताया कि वह 17 मार्च को सुबह 10:15 बजे सीबीआई कार्यालय पहुंचे और यह प्रक्रिया शाम पांच बजे समाप्त हुई।

बालाजी ने 2026 के विधानसभा चुनावों में द्रमुक की जीत का विश्वास जताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली पार्टी ने लोकसभा चुनाव की समाप्ति के तुरंत बाद ही चुनाव संबंधी तैयारियों का काम शुरू कर दिया था।

भाषा यासिर शोभना

शोभना


लेखक के बारे में