कोलकाता, 12 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत के दो दिन बाद रथ की हत्या मामले की जांच के लिए सीबीआई ने कई राज्यों के अनुभवी अधिकारियों का सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई की टीम के आज यहां पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने पुलिस द्वारा पहले दर्ज की गई प्राथमिकी को पुन: दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि एसआईटी का नेतृत्व डीआईजी रैंक का एक अधिकारी कर रहा है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘सीबीआई ने सोमवार रात को जांच अपने हाथ में ले ली और मामले की व्यापक और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए एक टीम का गठन किया है। अंतरराज्यीय आपराधिक संबंधों और साजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। सीबीआई का विशेष जांच दल अब हत्या के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।’’
शुभेंदु के सहयोगी रथ की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के दो दिन बाद, छह मई को मध्यमग्राम में हत्या कर दी गई थी।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने रथ हत्याकांड के सिलसिले में सोमवार को उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एक संदिग्ध द्वारा टोल प्लाजा पर किए गए यूपीआई लेनदेन से मिले सुरागों के आधार पर की गई।
भाषा शोभना वैभव
वैभव