त्रिपुरा: माकपा, कांग्रेस ने केंद्र पर देश की अर्थव्यवस्था को संकट में डालने का आरोप लगाया

Ads

त्रिपुरा: माकपा, कांग्रेस ने केंद्र पर देश की अर्थव्यवस्था को संकट में डालने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 03:02 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 03:02 PM IST

अगरतला, 12 मई (भाषा) त्रिपुरा में विपक्षी दलों मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता की हालिया अपील को लेकर मंगलवार को उनकी आलोचना की।

इन दोनों दलों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी ‘‘दोषपूर्ण नीतियों’’ और अत्यधिक खर्च के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को संकट में डाल रही है।

त्रिपुरा विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि ईंधन और एलपीजी का इस्तेमाल कम करने और सोने की खरीदारी नहीं करने संबंधी प्रधानमंत्री की अपील अर्थव्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को दर्शाती है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न होने तक अर्थव्यवस्था को लेकर कोई चिंता नजर नहीं आ रही थी। अब प्रधानमंत्री लोगों से ईंधन और एलपीजी का इस्तेमाल कम करने और यहां तक ​​कि आयात का बोझ कम करने के लिए एक साल तक सोने के आभूषण नहीं खरीदने की अपील कर रहे हैं।’’

माकपा नेता चौधरी ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान रैलियों और सरकारी कार्यक्रमों पर जनता का धन खर्च किये जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने चुनावी रैलियों में भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बताने और बाद में मितव्ययिता की अपील करने के लिए मोदी की आलोचना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से काफी पहले से ही आर्थिक मंदी थी।

साहा ने संकट के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, ‘अर्थव्यवस्था पहले से ही खराब स्थिति में थी और अब स्थिति और बिगड़ गई है। यदि सरकार ने पहले सुधारात्मक कदम उठाए होते, तो मौजूदा संकट से बचा जा सकता था।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के विदेश नीति संबंधी निर्णयों ने आर्थिक दबाव को और बढ़ा दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से चुनावों के दौरान मतदाताओं से किए गए वादों को पूरा करने का भी आग्रह किया।

भाषा देवेंद्र

देवेंद्र