सीडीएस जनरल चौहान और आर्मेनिया के रक्षा मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की

सीडीएस जनरल चौहान और आर्मेनिया के रक्षा मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की

सीडीएस जनरल चौहान और आर्मेनिया के रक्षा मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की
Modified Date: February 3, 2026 / 05:49 pm IST
Published Date: February 3, 2026 5:49 pm IST

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने आर्मेनिया के रक्षा मंत्री सुरेन पापक्यान से मुलाकात की तथा द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और दोनों देशों से संबंधित सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जनरल चौहान के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल इस समय आर्मेनिया की आधिकारिक यात्रा पर है।

एकीकृत रक्षा मुख्यालय ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट के माध्यम से सीडीएस की चार दिवसीय यात्रा से संबंधित जानकारियां और तस्वीरें साझा की हैं।

मुख्यालय ने पोस्ट किया, ‘‘प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, आर्मेनिया के रक्षा मंत्री सुरेन पापक्यान से मुलाकात के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। दोनों देशों से संबंधित विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।’’

इसने कहा, ‘‘सीडीएस ने आर्मेनिया की राजधानी येरेवन स्थित राष्ट्रीय रक्षा अनुसंधान विश्वविद्यालय (एनडीआरयू) का दौरा किया, जहां उन्होंने वैश्विक सुरक्षा परिवेश में हो रहे बदलावों और शक्ति के प्रमुख निर्धारक के रूप में प्रौद्योगिकी के उद्भव पर संकाय सदस्यों और छात्रों को संबोधित किया।’’

मुख्यालय ने कहा, ‘‘उन्होंने (जनरल चौहान) युद्ध के बदलते स्वरूप पर चर्चा की। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि प्रौद्योगिकी युद्ध के स्वरूप को बदल रही है, विशेष रूप से बहु-क्षेत्रीय अभियानों की ओर बढ़ते हुए।’’

अपनी यात्रा के दौरान, जनरल चौहान ने येरेवन में अर्मेनियाई नरसंहार स्मारक और संग्रहालय में पुष्पांजलि भी अर्पित की।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में