श्रीनगर, 31 अक्टूबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और कुलगाम के विधायक एम वाई तारिगामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जाना जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए अपमानजनक है, क्योंकि यह राज्य का दर्जा कम होने की ओर दर्शाता है और यह देश के संविधान पर हमला है।
तारिगामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर के लोगों के अपमान का शासक जश्न मना रहे हैं और कुछ नौकरशाह इसकी सराहना कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।’’
घाटी स्थित मुख्यधारा के राजनीतिक दलों ने इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं की और केंद्र शासित प्रदेश का स्थापना दिवस मनाने के लिए उपराज्यपाल प्रशासन की आलोचना की।
तारिगामी ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर भी निशाना साधा, जिन्होंने कहा था कि विधायकों द्वारा समारोह में शामिल न होना उनके ‘‘दोहरे चरित्र’’ को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने अपने फैसले में कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा अस्थायी है और राज्य का दर्जा यथाशीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।
तारिगामी ने कहा, ‘उपराज्यपाल साहब को इस पर गौर करना चाहिए। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा देश की कमान संभालने वाले अन्य लोगों ने आधारिक तौर पर कहा है कि यह अस्थायी दर्जा है और राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा।’’
सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बुधवार को कहा था कि वह केंद्र शासित प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में शामिल नहीं होगी, क्योंकि वह इस दर्जे को स्वीकार नहीं करती है और पार्टी जल्द से जल्द राज्य का दर्जा बहाल करना चाहती है।
भाषा यासिर माधव
माधव