हिमाचल प्रदेश में दो चरणों में होगी जनगणना

हिमाचल प्रदेश में दो चरणों में होगी जनगणना

हिमाचल प्रदेश में दो चरणों में होगी जनगणना
Modified Date: May 25, 2026 / 09:39 pm IST
Published Date: May 25, 2026 9:39 pm IST

शिमला, 25 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में जनगणना का कार्य दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में घरों की सूची तैयार करना और आवास गणना शामिल होगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। जनगणना संचालन सह नागरिक पंजीकरण निदेशक (हिमाचल प्रदेश) दीप शिखा शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यहां जारी एक बयान के अनुसार, शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उन्हें ‘जनगणना-2027’ के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

जनगणना का पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई तक चलेगा। इस बार ‘स्व-गणना’ की एक नयी सुविधा भी शुरू की गई है, जिसका लाभ 1 से 15 जून तक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से उठाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक सरकार द्वारा अधिसूचित 33 प्रश्नों के माध्यम से राज्य के सभी घरों और परिवारों की जानकारी एकत्र करने के लिए अपने मोबाइल उपकरणों का उपयोग करेंगे।

शर्मा के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण का कार्य 11 से 30 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि शेष क्षेत्रों में यह कार्य नौ से 28 फरवरी, 2027 तक चलेगा।

जनगणना को लोकतंत्र और विकास की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की जनता से राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़े भविष्य की योजनाओं और नीतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भाषा सुमित माधव

माधव


लेखक के बारे में