(तस्वीर के साथ)
गुवाहाटी, 15 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि पिछले एक साल में राज्य के लिए करीब 55,000 करोड़ रुपये की केंद्रीय परियोजनाओं को मंजूर दी गई है।
यहां संवाददाता सम्मेलन में शर्मा ने असम में मंजूर और नियोजित कई परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल दूसरे ‘एडवांटेज असम इन्वेस्टमेंट समिट’ के दौरान केंद्र ने 80,000 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भरोसा दिया था, और राज्य को पहले ही 55,000 करोड़ रुपये की अलग-अलग परियोजनाओं के लिए मंजूरी मिल चुकी है।’’
शर्मा ने कहा कि सरकार ने कामाख्या रेलवे स्टेशन से कामाख्या मंदिर तक कामाख्या रोपवे परियोजना के लिए निविदा पहले ही जारी कर दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब प्रधानमंत्री अगली बार असम आएंगे, तो वह इसकी नींव रखेंगे।’’
शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार एक-दो दिन में गुवाहाटी हवाई अड्डे से राज्य की राजधानी के प्रवेश बिंदु जालुकबाड़ी तक एक एलिवेटेड गलियारा बनाने के लिए 1,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दे सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘बैहाटा चरियाली से तेजपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन का बनाने की 14,000 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूरी के आखिरी चरण में है।’’
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट में कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं आने पर रुकी हुई कामाख्या गलियारा परियोजना का काम जल्द ही फिर से शुरू होने की उम्मीद है।
भाषा शफीक संतोष
संतोष