छत्रपति संभाजीनगर, 15 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र भर में स्थित ज्योतिर्लिंग मंदिरों में रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना करने के लिए उमड़े। घृष्णेश्वर मंदिर में करीब चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
जिले की ग्रामीण पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हुए देश के 12वें ज्योतिर्लिंग माने जाने वाले घृष्णेश्वर मंदिर में 450 कर्मियों को तैनात किया है ताकि भीड़ का सुचारु प्रबंधन और दर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह तक एलोरा स्थित मंदिर में लगभग चार लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “घृष्णेश्वर मंदिर के पट पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। इस साल मंदिर से कम से कम एक किलोमीटर दूर पार्किंग स्थल उपलब्ध कराया गया है।”
उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र में कम से कम 32 अधिकारी, 175 होम गार्ड और 250 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
बीड जिले के ज्योतिर्लिंग परली वैजनाथ मंदिर में भी लाखों श्रद्धालु कतार में खड़े थे।
बीड पुलिस ने अधिकारियों और होम गार्ड सहित लगभग 250 कर्मियों की टीम तैनात की है, जो सोमवार सुबह तक इलाके में मौजूद रहेगी।
एक अधिकारी ने बताया कि यहां दर्शन के लिए श्रद्धालु दो से तीन घंटे तक कतारों में इंतजार करते रहे।
उन्होंने बताया कि हिंगोली जिले में स्थित प्रसिद्ध औंधा नागनाथ मंदिर, जिसे आठवां ज्योतिर्लिंग माना जाता है, में जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराईं और शाम को मंदिर में ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा।
महाशिवरात्रि, भगवान शिव को समर्पित सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है, जिसे पूरे देश में प्रार्थना, उपवास और रात भर की पूजा के साथ मनाया जाता है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष