(अदिति खन्ना)
लंदन, 15 फरवरी (भाषा) ब्रिटेन सरकार ने घातक मेंढक विष जैसे ‘घृणित साधनों’ का इस्तेमाल करने के लिए रूस की निंदा की है जिसका उपयोग कथित तौर पर प्रमुख रूसी कार्यकर्ता एलेक्सी नवलनी के खिलाफ किया गया था। नवलनी की दो साल पहले साइबेरियाई जेल में मौत हो गई थी।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरोधी नवलनी की फरवरी 2024 में साइबेरिया में स्थित एक रूसी दंड कॉलोनी में कैद के दौरान मृत्यु हो गई।
ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने कहा कि यूरोपीय सहयोगियों के साथ लगातार और सहयोगात्मक प्रयोगशाला जांच में इसकी पुष्टि हुई है कि इक्वाडोर डार्ट मेंढकों की त्वचा में पाया जाने वाला घातक विष ‘एपिबैटिडाइन’ नवलनी के शरीर से लिये गए नमूनों में पाया गया था और इसकी ‘बहुत आशंका है’ कि इसी के कारण उनकी मृत्यु हुई।
ब्रिटेन ने कहा कि उसने रूस के “रसायनिक हथियार संधि का स्पष्ट उल्लंघन” के बारे में रसायनिक हथियार प्रतिबंध संगठन को सूचित किया है।
जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन से जारी एक बयान में कूपर ने कहा, “जब से यूलिया नावलनया ने दो साल पहले म्यूनिख में अपने पति के निधन की जानकारी दी थी, ब्रिटेन ने एलेक्सी नवलनी की मौत के सच को खोजने में दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास किया है।”
उन्होंने कहा, “केवल रूसी सरकार के पास एलेक्सी नवलनी के रूस में कैद रहने के दौरान इस घातक विष का इस्तेमाल करने की क्षमता, उद्देश्य और अवसर था। आज, उनकी पत्नी की आवाज दबाने की क्रेमलिन की बर्बर साजिश पर ब्रिटेन प्रकाश डाल रहा है।’’
उन्होंने कहा, “रूस ने नवलनी को एक खतरे के तौर पर देखा। इस प्रकार के जहर का उपयोग करके रूस ने यह दिखाया कि उसके पास कितने घिनौने औजार हैं और राजनीतिक विपक्ष से उसे कितना भारी भय है।”
भाषा अमित संतोष
संतोष