तेलंगाना पुलिस ने भूमिगत भाकपा (माओवादी) कार्यकर्ताओं से मुख्यधारा में शामिल होने का आग्रह किया

Ads

तेलंगाना पुलिस ने भूमिगत भाकपा (माओवादी) कार्यकर्ताओं से मुख्यधारा में शामिल होने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 06:23 PM IST

हैदराबाद, 15 फरवरी (भाषा) पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी शिवधर रेड्डी ने रविवार को तेलंगाना के शेष 15 सदस्यों सहित सभी भूमिगत भाकपा (माओवादी) नेताओं और कार्यकर्ताओं से आत्मसमर्पण करने और मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जो लोग वापस लौटने का विकल्प चुनेंगे, उन्हें राज्य सरकार की ‘आत्मसमर्पण और पुनर्वास योजना’ के तहत तत्काल सहायता और लाभ प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना पुलिस का मानना ​​है कि बदलते समय में शांतिपूर्ण और रचनात्मक समाधानों की आवश्यकता है।

डीजीपी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘हम भूमिगत भाकपा (माओवादी) नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हैं कि वे बदलती परिस्थितियों को पहचानें, अपने परिवारों के साथ फिर से जुड़ें और तेलंगाना के विकास और प्रगति में सकारात्मक योगदान दें।’

रेड्डी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में तेलंगाना पुलिस के निरंतर प्रयासों के माध्यम से विभिन्न स्तरों के 588 माओवादी नेता और कार्यकर्ता सामान्य जीवन में लौट आए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इन सभी ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत लाभ उठाया है और अब वे अपने परिवारों के साथ अपने पैतृक गांवों में सुरक्षित रूप से रह रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘तेलंगाना पुलिस मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी द्वारा की गई अपील को दोहराती है और सभी शीर्ष भूमिगत भाकपा (माओवादी) नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुख्यधारा में लौटने और अपने परिवारों के साथ शांतिपूर्ण, सुरक्षित व गरिमापूर्ण जीवन जीने का आह्वान करती है।’

भाषा

शुभम संतोष

संतोष