बांग्लादेश चुनाव : बीएनपी को मिले 50 प्रतिशत मत, जमात केवल 31 प्रतिशत पर अटकी

Ads

बांग्लादेश चुनाव : बीएनपी को मिले 50 प्रतिशत मत, जमात केवल 31 प्रतिशत पर अटकी

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 08:06 PM IST

ढाका, 15 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश में गत 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में आने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को लगभग 50 प्रतिशत मत मिले हैं, जबकि उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी 31.76 प्रतिशत मतों पर ही अटक गई। बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग ने रविवार को यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवारों ने सामूहिक रूप से 5.79 प्रतिशत वोट हासिल किए जबकि ‘‘अन्य राजनीतिक दल काफी पीछे रह गए’’।

आयोग ने अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदिया जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी ने 49.97 प्रतिशत मतों के साथ 297 सीट में से 209 सीट पर जीत दर्ज की है।

पाकिस्तान से 1971 में आजादी का विरोध करने वाली कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है। उसने संसद में 68 सीटें जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

आयोग के मुताबिक बीएनपी नीत गठबंधन ने संसद की कुल 212 सीट पर जीत दर्ज किया है जबकि जमात नीत गठबंधन के खाते में 77 सीट गई हैं।

अवामी लीग नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को अगस्त 2024 में गद्दी छोड़ने पर मजबूर करने के लिए बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले स्टूडेंट्स अगेंस्ट डिस्क्रिमिनेशन द्वारा गठित नेशनल सिटिजन पार्टी को केवल छह सीट मिली हैं जबकि उसे महज 3.05 प्रतिशत मत मिले हैं।

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पिछले साल हसीना की अवामी लीग को भंग कर दिया था जिसकी वजह से वह चुनाव लड़ने के लिए आयोग्य हो गई थी। अवामी लीग की अनुपस्थिति में देश के पारंपरिक चुनावी परिदृश्य में बदलाव आया।

भाषा धीरज रंजन

रंजन