केंद्रीय टीम ने अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया

केंद्रीय टीम ने अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया

केंद्रीय टीम ने अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया
Modified Date: June 30, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: June 30, 2026 7:58 pm IST

ईटानगर, 30 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरेन रीजीजू ने बाढ़ से तबाह केयी पन्योर जिले का आज हवाई और जमीनी दौरा कर जायजा लिया

खांडू ने दो सदस्यीय केंद्रीय मंत्री-स्तरीय टीम के दौरे को संकट के समय अरुणाचल प्रदेश के लोगों के साथ खड़े रहने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण करार दिया।

यह घटनाक्रम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए खांडू से व्यक्तिगत रूप से फोन पर बात करने के एक दिन बाद सामने आया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित केयी पन्योर ज़िले का हवाई और जमीनी जायजा लेने के दौरान दोनों केंद्रीय मंत्रियों के साथ थे।

उन्होंने बताया कि चौहान और रीजीजू ने बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया, राहत कार्यों की समीक्षा की और प्रभावित इलाकों में पुनर्वास के प्रयासों की स्थिति जानने के लिए राज्य के अधिकारियों से बातचीत की।

खांडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हालिया आपदा से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति और नुकसान का आकलन करने के लिए अरुणाचल प्रदेश की यात्रा पर आए माननीय केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी और श्री किरेन रीजीजू जी का हार्दिक अभिनंदन किया गया।’’

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों को राज्य में भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को दिल से धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने ज़मीनी हालात का व्यक्तिगत रूप से जायज़ा लेने के लिए दो केंद्रीय मंत्रियों – श्री शिवराज सिंह चौहान जी और श्री किरेन रीजीजू जी को भेजने में तत्परता दिखाई और सहयोग किया।’’

राज्य आपदा अभियान केंद्र द्वारा मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक गत सात दिनों में अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई है, 21 अन्य घायल हुए हैं जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। इन घटनाओं से घरों, सड़कों, पुलों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में