केंद्र आरएसएस शताब्दी समारोह मनाना ‘गलत कदम’ है : माकपा नेता

Ads

केंद्र आरएसएस शताब्दी समारोह मनाना 'गलत कदम' है : माकपा नेता

  •  
  • Publish Date - October 3, 2025 / 06:58 PM IST,
    Updated On - October 3, 2025 / 06:58 PM IST

तिरुवनंतपुरम, तीन अक्टूबर (भाषा) माकपा की केरल इकाई के सचिव एम वी गोविंदन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शताब्दी मनाने के लिए सार्वजनिक धन का उपयोग करने को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार की आलोचना की, जो देश में हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को बढ़ावा देता है।

गोविंदन ने यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें दृढ़ता से मानती हैं कि आरएसएस धर्म के नाम पर देश को बांटने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस जैसे सांप्रदायिक संगठन के आदर्शों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 100 रुपये का सिक्का और डाक टिकट जारी करना पूरी तरह से गलत है।’’

गोविंदन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान आरएसएस ने देश के लिए कोई योगदान नहीं दिया था और महात्मा गांधी की हत्या के आरोपियों में इसके नेता शामिल थे।

उन्होंने कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा इस समय गांधीजी की प्रशंसा करना इतिहास का एक विडंबनापूर्ण मोड़ है। उन्होंने कहा कि देश की सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को धार्मिक राज्य की अवधारणा को फैलाने के सभी प्रकार के प्रयासों का विरोध करना चाहिए।

गोविंदन ने आरोप लगाया कि केरल में विपक्षी गठबंधन यूडीएफ खुलेआम जमात-ए-इस्लामी के साथ गठबंधन कर रहा है, जो धार्मिक राज्य के विचार को फैलाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और मुस्लिम लीग वोटों की खातिर जमात संगठन का खुलेआम समर्थन कर रही हैं। माकपा बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता का समान रूप से विरोध करेगी।’’

वायनाड जिले में भूस्खलन से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए केंद्र की राहत राशि के मुद्दे पर, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य की 2,162.05 करोड़ रुपये की मांग पर 260.56 करोड़ रुपये की मामूली राशि आवंटित करके पीड़ितों का ‘अपमान’ किया है।

सबरीमला मंदिर में सोने की चादरों को लेकर विवाद के बारे में पूछे गए एक सवाल पर, गोविंदन ने कहा कि इस मुद्दे पर उच्च न्यायालय की निगरानी में देवस्वम सतर्कता विभाग द्वारा जांच चल रही है।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश