बेंगलुरु, 16 जुलाई (भाषा) दक्षिण बेंगलुरु में बृहस्पतिवार को 28 वर्षीय एक व्यक्ति ने चार माह से गर्भवती अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी मनोज विश्वकर्मा और उनकी पत्नी सपना के रूप में हुई है।
यह घटना चन्नाम्मनकेरे अचुकट्टू थाना क्षेत्र के लक्ष्मप्पा गार्डन स्थित उनके किराये के मकान में हुई।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब तीन वर्ष पहले विवाह किया था और वे बढ़ई का काम करते थे। बृहस्पतिवार को अपराह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे से दोपहर 12 बजे के बीच दोनों के बीच कथित तौर पर कहासुनी हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘पति ने नायलॉन की रस्सी से पहले पत्नी का गला घोंट दिया और बाद में उसी रस्सी से पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।’
घटना का पता तब चला, जब मकान में रहने वाले अन्य लोगों और मकान मालिक ने काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘थाना प्रभारी और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने पर अंदर व्यक्ति पंखे से लटका मिला। घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।’
पुलिस के अनुसार, दंपति पिछले कई वर्षों से बेंगलुरु में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनोज पिछले कुछ दिनों से नियमित रूप से काम पर नहीं जा रहा था और पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे।
भाषा
राखी माधव
माधव
माधव