नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी एचसीएलटेक ने गार्जियन इंडिया ऑपरेशंस के अधिग्रहण की बृहस्पतिवार को घोषणा की।
यह सौदा 1.05 करोड़ डॉलर (करीब 101 करोड़ रुपये) का है। इस अधिग्रहण के बाद अमेरिकी कंपनी गार्जियन लाइफ इंश्योरेंस के साथ सात साल की साझेदारी के तहत करीब 2,000 कर्मचारी एचसीएलटेक का हिस्सा बन जाएंगे।
समझौते के तहत एचसीएलटेक गार्जियन इंडिया ऑपरेशंस में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। यह इकाई अमेरिकी कंपनी के लिए प्रौद्योगिकी और परिचालन संबंधी वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) के रूप में काम करती है।
गार्जियन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ऑफ अमेरिका बीमा, सेवानिवृत्ति, संपत्ति प्रबंधन और कर्मचारी लाभ समाधान उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है।
एचसीएलटेक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘गार्जियन इंडिया के करीब 2,000 कर्मचारी एचसीएलटेक में शामिल होंगे। इसके लिए एक समर्पित रणनीतिक कारोबारी इकाई बनाई जाएगी, जो गार्जियन के उत्पादों और सेवाओं में प्रौद्योगिकी नवाचार, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, परिचालन बदलाव और विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी।’’
गार्जियन इंडिया के कंट्री प्रमुख करुणाकरण अजीसुर एचसीएलटेक में शामिल होकर इस नई रणनीतिक कारोबारी इकाई का नेतृत्व करेंगे।
कंपनी ने कहा कि यह सौदा एक अगस्त, 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
भाषा योगेश अजय
अजय