केंद्र के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार : केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी

केंद्र के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार : केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी

केंद्र के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार : केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी
Modified Date: June 8, 2026 / 05:00 pm IST
Published Date: June 8, 2026 5:00 pm IST

हैदराबाद, आठ जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार के पास 80 दिनों की बिजली उत्पादन जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त कोयला भंडार है।

रेड्डी ने 2014 में सत्ता में आई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों के बारे में संवाददाताओं से कहा कि अर्जेंटीना में अधिग्रहित महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक में काम शुरू हो गया है और उत्पादन जल्द से जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री ने कहा, “पहले कोयले की कमी रहती थी। अब भारत सरकार के पास 80 दिनों तक बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त कोयला भंडार है। मानसून शुरू होने के कारण भारी बारिश से कोयला उत्पादन में बाधा आ सकती है।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशों का पालन करते हुए हमने 80 दिनों के लिए जरूरी कोयले का भंडारण कर रखा है।”

रेड्डी ने महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र सरकार महत्वपूर्ण खनिज भंडारों की पहचान कर रही है और अन्वेषण गतिविधियां जारी है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अन्वेषण कार्य पूरा हो चुका है, वहां नीलामी भी शुरू हो गई है।

रेड्डी ने बताया कि केंद्र सरकार निजी कंपनियों को भारत में संसाधित या अर्ध-संसाधित महत्वपूर्ण खनिजों का आयात करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान कोयला क्षेत्र में घोटाले सुर्खियां बटोरते थे।

रेड्डी ने कहा कि देश अब सालाना रिकॉर्ड 1,04 करोड़ टन कोयले का उत्पादन कर रहा है।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में