जीएमएडीए पर ईडी की छापेमारी: आप का भाजपा पर पंजाब चुनावों से पहले खौफ पैदा करने का आरोप
जीएमएडीए पर ईडी की छापेमारी: आप का भाजपा पर पंजाब चुनावों से पहले खौफ पैदा करने का आरोप
चंडीगढ़, 22 सितंबर (भाषा) पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के जरिये राज्य सरकार के अधिकारियों में ‘‘डर’’ पैदा करने तथा भगवंत मान सरकार के जनकल्याण और विकास कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया।
‘आप’ की यह प्रतिक्रिया प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा ‘ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जीएमएडीए) के कार्यालय और आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव विकास गर्ग के ठिकानों पर सर्वेक्षण और छापेमारी के बाद आई।
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26 परिसरों पर कार्रवाई की गई।
आप ने कहा कि जीएमएडीए मोहाली के विकास के लिए राजस्व जुटाने वाली प्रमुख संस्था है और उसके अधिकारियों पर दबाव डालना शहर के विकास और राज्य के जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावित करने की कोशिश है।
‘आप’ ने दावा किया कि मान सरकार ने ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को वित्तीय सहायता देने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली के क्षेत्र में कई कदम उठाए हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा इन योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने वाली संस्थाओं पर दबाव बना रही है।
‘आप’ ने कहा कि भाजपा को केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने के बजाय शासन के मुद्दे पर मान सरकार से राजनीतिक मुकाबला करना चाहिए।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


