हैदराबाद, 24 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अमेरिका जाने की अनुमति न मिलने पर सोमवार को भाजपा और उसके नेतृत्व वाली राजग सरकार पर निशाना साधा तथा आरोप लगाया कि यह राज्य के चार करोड़ लोगों का अपमान है।
ब्रिटेन की यात्रा से हैदराबाद लौटने के कुछ घंटे बाद रेड्डी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्र सरकार तेलंगाना के साथ भेदभाव कर रही है और कांग्रेस संसद में यह मुद्दा उठाएगी।
रेड्डी ने कहा कि केंद्र ने उन्हें अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं दी, लेकिन गुजरात में निवेश आमंत्रित करने के वास्ते वहां के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को अमेरिका जाने की मंजूरी दे दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘नहीं चाहती कि कोई भी राज्य एक हद से ज़्यादा तरक्की करे’’।
रेड्डी ने कहा कि उन्हें अमेरिका जाने की अनुमति न दिए जाने का मुद्दा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी संसद में उठाएंगे।
तीन दिन की ब्रिटेन यात्रा के बाद रेड्डी सोमवार को हैदराबाद लौट आए। वह 20 अगस्त को ब्रिटेन गए थे और इसके बाद उन्हें अमेरिका जाना था।
हालांकि, केंद्र सरकार ने उन्हें अमेरिका जाने की मंज़ूरी नहीं दी, जिसके बाद रेड्डी ने अपनी यात्रा छोटी करने और लंदन से स्वदेश लौटने का फ़ैसला किया।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री रेड्डी को अमेरिका यात्रा के लिए राजनीतिक मंज़ूरी नहीं दी गई, क्योंकि यात्रा का प्रस्तावित कार्यक्रम ‘‘उचित’’ नहीं था।
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप