चंचल कुमार सूचना एवं प्रसारण सचिव नियुक्त, संजय लोहिया वित्तीय सेवा सचिव होंगे

Ads

चंचल कुमार सूचना एवं प्रसारण सचिव नियुक्त, संजय लोहिया वित्तीय सेवा सचिव होंगे

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 06:39 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) केंद्र सरकार द्वारा मंगलवार को शीर्ष स्तर पर नौकरशाही में किए गए फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण सचिव नियुक्त किया गया है।

बिहार कैडर से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1992 बैच के अधिकारी कुमार वर्तमान में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डीओएनईआर) मंत्रालय में सचिव हैं।

मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने संजय जाजू के स्थान पर कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। जाजू डीओएनईआर मंत्रालय के नए सचिव होंगे।

खान मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव संजय लोहिया को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, वह 31 मई को मौजूदा सचिव नागराजू मद्दीराला के सेवानिवृत्त होने के बाद वित्तीय सेवा विभाग के सचिव का पदभार संभालेंगे।

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के महानिदेशक अभिषेक सिंह को शिक्षा मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। सिंह नगालैंड कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।

पर्यटन सचिव श्रीवत्स कृष्ण को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने चंद्रशेखर कुमार का स्थान लिया है, जिन्हें अब कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय वर्षा सिंचित क्षेत्र प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार को नया पर्यटन सचिव नियुक्त किया गया है।

कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, वस्त्र मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल ग्रामीण विकास विभाग के सचिव होंगे।

वहीं, उत्तर प्रदेश कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी नरेंद्र भूषण को भूमि संसाधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

पंजाब कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी तेजवीर सिंह, रसायन और पेट्रो-रसायन विभाग के सचिव होंगे। वह निवेदिता शुक्ला वर्मा की जगह लेंगे, जिन्हें प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

वर्मा के पास पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग में सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार भी होगा।

आदेश के अनुसार, उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त सचिव, भारत हरबंसलाल खेड़ा को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है।

भाषा

नेत्रपाल पवनेश

पवनेश