चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: सीबीआई ने दो भाजपा कार्यकर्ताओं सहित 11 के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

Ads

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: सीबीआई ने दो भाजपा कार्यकर्ताओं सहित 11 के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 10:33 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो कार्यकर्ताओं सहित कुल 11 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सीबीआई ने हाल ही में रथ के कार्यालय में काम करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं सागर सोनकर और उसके भाई साहिब सोनकर को गिरफ्तार किया था। उन पर रथ की हत्या की सुपारी उत्तर प्रदेश के शूटर्स को देने का आरोप है।

अधिकारियों ने कहा कि राज्य में एक प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के पदाधिकारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

उन्होंने बताया कि सीबीआई को जानकारी मिली है कि भाजपा में शामिल होने से पहले 2020 तक सागर प्रतिद्वंद्वी पार्टी के विधायक के साथ काम करता था।

सीबीआई के मुताबिक जांच में सामने आया कि भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी के चुनाव प्रचार अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले रथ की हत्या की योजना दिसंबर 2025 से ही बन रही थी, लेकिन किसी न किसी वजह से इस ‘सुपारी हत्या’ को अंजाम देने की तारीख बार-बार बदलती रही।

अधिकारियों के मुताबिक आरोप है कि सागर ने हत्या को अंजाम देने के लिए शूटर को सुपारी दी थी ।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के दो दिन बाद छह मई को मध्यग्राम में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने अब तक छह शूटरों मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और नवीन कुमार सिंह के अलावा सुपारी लेने वाले बिचौलियों विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि एक आरोपी अब भी फरार है।

पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने राज्य पुलिस से रथ की हत्या मामले की जांच अपने हाथ में ले ली।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश