देहरादून, 10 मई (भाषा) उत्तराखंड में प्रतिकूल मौसम की स्थिति को लेकर मौसम विभाग द्वारा ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किए जाने के बाद रविवार को अधिकारियों ने चार धाम तीर्थयात्रियों और पर्यटकों से 12 और 13 मई को अपनी यात्रा के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया।
इस चेतावनी में अगले 48 घंटों के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों विशेष रूप से अत्यंत ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और खराब मौसम का अनुमान जताया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज और हिमपात का अनुमान जताया है।
अधिकारियों ने पहाड़ों में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने श्रद्धालुओं को मौसम की नवीनतम रिपोर्ट से अवगत रहने की सलाह दी है।
पांडे ने एक बयान में कहा, ‘‘तीर्थयात्रियों को मौसम की नवीनतम जानकारी प्राप्त करनी चाहिए और पूरी सावधानी के साथ अपनी यात्रा की योजना बनानी चाहिए।’’
भाषा सुरभि संतोष
संतोष