काठमांडू में उतरते वक्त टर्किश एयरलाइंस के विमान में आग लगी, सभी यात्री सुरक्षित

Ads

काठमांडू में उतरते वक्त टर्किश एयरलाइंस के विमान में आग लगी, सभी यात्री सुरक्षित

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 11:59 AM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 11:59 AM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 11 मई (भाषा) नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय टर्किश एयरलाइंस के एक विमान में आग लग गई। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन घटना के बाद हवाई अड्डा का परिचालन करीब दो घंटे के लिए बंद करना पड़ा। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विमान में 277 यात्री और चालक दल के 11 सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।

यह घटना सुबह छह बजकर 36 मिनट पर हुई। इस्तांबुल से आ रही टर्किश एयरलाइंस की उड़ान ‘टीके 726’ में हवाई अड्डे पर उतरते समय पिछले पहिये में आग लग गई।

घटना के बाद हवाई अड्डे का परिचालन रोक दिया गया और आग पर काबू पाने के लिए दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।

अधिकारियों ने बताया कि विमान से सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

सुबह साढ़े आठ बजे के बाद सामान्य उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।

समाचार पत्र ‘द हिमालयन टाइम्स’ के अनुसार, विमान में पार्थिव देह और सामान भी था। आग लगने की घटना के बाद विमान मुख्य रनवे पर रुक गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं बाधित हुईं।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

टर्किश एयरलाइंस इस्तांबुल से नेपाल के लिए सप्ताह में पांच उड़ानें संचालित करती है। काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नेपाल को 17 देशों के 40 से अधिक गंतव्यों से जोड़ता है।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा