राजस्थान के जालोर में रसायन से भरा टैंकर पलटने से लगी आग, चालक जिंदा जला
राजस्थान के जालोर में रसायन से भरा टैंकर पलटने से लगी आग, चालक जिंदा जला
(फोटो के साथ)
जयपुर, 18 मार्च (भाषा) राजस्थान के जालोर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर बुधवार को रसायन से भरा टैंकर पलटने के बाद आग लगने पर टैंकर चालक जिंदा जल गया, जबकि साथ बैठा उसका भाई समय रहते कूद गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा सिणवाड़ा ओवरब्रिज के पास जैसलमेर–जामनगर राजमार्ग पर हुआ, जब बाड़मेर से सांचौर जा रहा टैंकर पलटने से उसमें भरा रसायन फैल गया और आग लग गई।
पुलिस ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि राजमार्ग के कई मीटर हिस्से उसकी चपेट में आ गए, जिसकी वजह से एक तरफ का यातायात बाधित हो गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद सांचौर से दमकल वाहन बुलाकर आग पर काबू पाया गया।
चितलवाना थाने के प्रभारी भंवरलाल ने बताया कि हादसे में बाड़मेर के गुड़ामालानी मोखावा के निवासी टैंकर चालक सुखराम (34) की मौत हो गई जबकि सुखराम के बुआ के बेटे नरसीराम (26) ने समय रहते टैंकर से कूदकर जान बच गई।
उन्होंने बताया कि नरसीराम को सिंवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया।
उन्होंने बताया कि अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि टैंकर में कौन-सा रसायन भरा हुआ था।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब

Facebook


