चेन्निथला ने ‘स्नेक-ड्रग’ के दावे पर मानी गलती, इन्फ्लुएंसर को ‘तूफान’ अभियान से जुड़ने का न्योता

चेन्निथला ने ‘स्नेक-ड्रग’ के दावे पर मानी गलती, इन्फ्लुएंसर को ‘तूफान’ अभियान से जुड़ने का न्योता

चेन्निथला ने ‘स्नेक-ड्रग’ के दावे पर मानी गलती, इन्फ्लुएंसर को ‘तूफान’ अभियान से जुड़ने का न्योता
Modified Date: June 30, 2026 / 07:57 pm IST
Published Date: June 30, 2026 7:57 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 30 जून (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को माना कि राज्य में ‘स्नेक-ड्रग’ के मामले पर बोलते समय उनसे तथ्यात्मक गलती हो गई थी। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर डॉ. शिमना अज़ीज़ द्वारा बताई गई गलती को भी स्वीकार किया।

चेन्निथला राज्य में मादक पदार्थ के बढ़ते खतरे के खिलाफ मुहिम चला रहे हैं। उन्होंने डॉ. अज़ीज़ को राज्य के नशा विरोधी अभियान “तूफान” से जुड़कर “तूफान वॉरियर” बनने का निमंत्रण दिया।

मंत्री ने सोमवार को राज्य विधानसभा में चर्चा के दौरान कहा कि राज्य में मादक पदार्थ की समस्या खतरनाक स्तर तक पहुंच गई है। उन्होंने उन खबरों का हवाला दिया, जिनमें नशा करने के लिए कथित तौर पर लोगों की जीभ पर छोटे सांपों से कटवाये जाने की बात कही गई थी।

डॉ. अज़ीज़ ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अगर सांप जीभ पर काट ले, तो उससे नशा नहीं, बल्कि इंसान की मौत होने की संभावना ज्यादा होती है।

चेन्निथला ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने “तूफान” अभियान शुरू करके नशे के खिलाफ कार्रवाई करने का अपना चुनावी वादा पूरा किया है। चेन्निथला ने कहा कि उन्होंने डॉ. अज़ीज़ के स्पष्टीकरण पर संज्ञान लिया है, जिसे मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया था।

मंत्री ने ‘फेसबुक’ पोस्ट में कहा, “नशा करने के लिए जहरीले सांपों से कटवाने की बात करते समय मैंने कहा था कि इसके लिए छोटे सांपों का इस्तेमाल किया जाता है। यह बयान तथ्यात्मक रूप से गलत था। मैं डॉ. अजीज द्वारा किए गए सुधार को स्वीकार करता हूं।”

उन्होंने अपनी गलती के बारे में विस्तार से नहीं बताया, लेकिन कहा कि यह गलती उस समय हुई, जब वह लोगों द्वारा बेहद खतरनाक किस्म के नशे के लिए जहरीले सांपों के इस्तेमाल की खबरों पर बात कर रहे थे।

चेन्निथला ने इस तरीके को “चौंकाने वाला” बताते हुए कहा कि केरल में ऐसी गतिविधियों की खबरों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में