चेन्नीथला ने विजयन के घर के बाहर ईडी अधिकारियों पर हुए हमले को ‘माकपा की साजिश’ करार दिया

चेन्नीथला ने विजयन के घर के बाहर ईडी अधिकारियों पर हुए हमले को 'माकपा की साजिश' करार दिया

चेन्नीथला ने विजयन के घर के बाहर ईडी अधिकारियों पर हुए हमले को ‘माकपा की साजिश’ करार दिया
Modified Date: May 28, 2026 / 12:35 am IST
Published Date: May 28, 2026 12:35 am IST

तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्नीथला ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री विजयन के किराए के मकान पर छापा मारने वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के वाहनों पर हुए हिंसक हमले को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की नयी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की एक ‘साजिश’ करार दिया।

चेन्नीथला ने इस बात पर जोर दिया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और इस हिंसा में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे कितने भी बड़े क्यों न हों।

उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी में माकपा कार्यकर्ताओं ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त करने के लिए जानबूझकर ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हमला किया।

गृह मंत्री ने कहा कि छापों के संबंध में ईडी की ओर से केरल पुलिस या गृह विभाग को कोई जानकारी नहीं दी गई थी, इसके बावजूद पुलिस तलाशी के दौरान भीड़ जुटने वाले सभी स्थानों पर खुद पहुंची।

उन्होंने कहा कि कन्नूर में विजयन के आवास और कोझिकोड में पी. ए. मोहम्मद रियास के घर पर ईडी के छापे के बाद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

हालांकि, उन्होंने दावा किया कि राज्य की राजधानी में विजयन के किराए के मकान पर एक ‘साजिश’ के तहत ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हिंसक हमला किया गया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

चेन्नीथला ने कहा कि पुलिस के पास हिंसा में शामिल सभी लोगों की तस्वीरें हैं, और उन्हें सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए पुलिस को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

गृहमंत्री ने तर्क दिया, ‘अगर हमें छापों के बारे में पहले से जानकारी या कोई गोपनीय सूचना मिली होती, तो हम इस हमले को ठीक से रोक सकते थे। इसके बावजूद, केरल पुलिस ने छापों से जुड़े सभी स्थानों पर समय पर हस्तक्षेप किया।’

पुलिस ने इस हमले के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां यहां पलयम स्थित माकपा की एक क्षेत्रीय समिति के कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कई घंटों के गतिरोध के बाद की गईं, जहां अपराधियों के छिपे होने का संदेह था।

ईडी की यह छापेमारी विजयन की बेटी की कंपनी और एक रेत खनन कंपनी के बीच हुए वित्तीय लेनदेन से जुड़ी थी।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में