सिमडेगा, 16 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक लड़की से सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में तीन लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। लड़की अपने एक रिश्तेदार के सगाई समारोह में शामिल होने के लिए झारखंड के सिमडेगा जिले आयी थी। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोत्रे ने बताया कि लड़की ने आरोप लगाया है कि यह घटना 14 जून की रात को हुई। उन्होंने कहा, ‘‘लड़की ने आरोप लगाया कि समारोह जारी रहने के दौरान तीन स्थानीय युवक उसे जबरन एक घर में ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।’’
घटना के बाद लड़की छत्तीसगढ़ स्थित अपने घर लौट आई और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा दर्ज किए गए बयान के आधार पर सिमडेगा के कुरडेग थाने में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया और तीनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है और एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
भाषा अमित
अमित