मुख्यमंत्री ने उदयपुर और भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में किए रोड शो

Ads

मुख्यमंत्री ने उदयपुर और भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में किए रोड शो

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 10:33 PM IST

जयपुर, पांच सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर और भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किए और लोगों से सभी वार्ड में पार्टी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।

शर्मा ने कहा कि इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।

उदयपुर में शर्मा ने सूरजपोल चौक से दिल्ली गेट तक रोड शो किया। मार्ग में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।

बैंक तिराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकारों ने राजस्थान को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है और अब शहरी स्थानीय निकायों में भी भाजपा के बोर्ड चुने जाने चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार के साथ शहरी स्थानीय निकायों में भी भाजपा के बोर्ड बनते हैं तो विकास योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से होगा।’’

शर्मा ने इसे ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बताया।

शर्मा ने दावा किया कि उनकी सरकार ने ढाई साल में अपने घोषणापत्र में किए गए करीब 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर ‘‘तुष्टीकरण’’ को राजनीति का आधार बनाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है।

इसके बाद शर्मा ने भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो गोपाल मंदिर से शुरू हुआ और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम से पहले शर्मा ने राधा-कृष्ण और चारभुजा मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा राजस्थान की समृद्धि की कामना की।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक