नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को विभिन्न विभागों को निर्देश दिया कि वे बजट में घोषित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें और प्रगति की जानकारी आधिकारिक ‘प्रगति पोर्टल’ पर अपडेट करें।
गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में प्रशासनिक सचिवों और विभागों के प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और समय-सीमा का आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे 15 दिन, 20 दिन और एक माह जैसे अल्पकालिक लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर पोर्टल पर अपडेट करें, जिससे समयबद्ध तरीके से कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके और किसी भी प्रकार की देरी को समय रहते चिह्नित कर दूर किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने के लिए बेहतर व प्रभावी कार्य किए जाने आवश्यक हैं ताकि तय समय में दिल्ली का रूप-रंग निखर सके और दिल्लीवासियों को उस पर गर्व हो।
बैठक में ‘सीएम प्रगति पोर्टल’ के माध्यम से सभी प्रमुख परियोजनाओं की निरंतर और गहन निगरानी पर ध्यान केंद्रित किया गया।
एक बयान में कहा गया है कि गुप्ता ने सभी विभागों को परियोजनाओं की प्रगति, निर्धारित समयसीमा और आगामी चरणों के बारे में विस्तृत अपडेट नियमित रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया ताकि जमीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यों की वास्तविक समय में निगरानी और बारीकी से देखरेख की जा सके।
गुप्ता ने कहा कि निविदा, कार्यों की शुरुआत और कार्यान्वयन प्रक्रिया पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में बाधा आती है तो उसे तुरंत उच्च स्तर पर साझा कर समाधान निकाला जाए, न कि कार्यों को लंबित रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों से चरणबद्ध कार्यान्वयन योजना अपनाने का आग्रह किया और लक्ष्य-आधारित, समयबद्ध कार्य प्रणाली के माध्यम से बजटीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग के महत्व पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सभी प्रमुख परियोजनाओं को 2029 से पहले पूरा करना है, और प्रत्येक परियोजना के लिए स्पष्ट समयसीमा निर्धारित की गई है, चाहे उसका आकार या पैमाना कुछ भी हो।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश