मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत 200 छात्राओं को वितरित की साइकिलें

Ads

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत 200 छात्राओं को वितरित की साइकिलें

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 02:52 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 02:52 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत विधानसभा परिसर में नौवीं कक्षा की 200 छात्राओं को सोमवार को साइकिलें वितरित कीं।

दिल्ली सरकार ने नौवीं कक्षा की 1.40 लाख छात्राओं को साइकिलें देने के लिए ‘विद्या वाहिनी योजना’ शुरू की है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, उत्तरी जिले के जोन सात की 200 छात्राओं को मुख्यमंत्री ने सोमवार को साइकिलें प्रदान कीं।

गुप्ता ने छात्राओं से कहा कि वे इस सुविधा का उपयोग अपनी शिक्षा को और मजबूत करने में करें, अपने लक्ष्य तय करें और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा, “एक साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी बेटी को स्कूल तक पहुंचने में दूरी या परिवहन की समस्या उसकी पढ़ाई के रास्ते में बाधा न बने।”

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ समग्र वातावरण उपलब्ध कराना है ताकि हर विद्यार्थी बिना किसी बाधा के अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली लगभग 1.40 लाख छात्राओं को योजना के तहत साइकिलें वितरित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “बेटियों की शिक्षा में किया गया निवेश समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है कि दिल्ली की बेटियों को शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।”

इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि विद्या वाहिनी योजना’ के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि दिल्ली की कोई भी छात्रा शिक्षा प्राप्त करने की अपनी यात्रा में पीछे न छूटे।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश