मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मेट्रो मंडे’ पहल के तहत मेट्रो, डीटीसी बस में यात्रा की
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मेट्रो मंडे’ पहल के तहत मेट्रो, डीटीसी बस में यात्रा की
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मेट्रो मंडे’ पहल के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों ने सोमवार को मेट्रो और बस से यात्रा की।
मुख्यमंत्री राज निवास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से निकटतम मेट्रो स्टेशन पहुंचीं और वहां से मेट्रो से आईटीओ स्टेशन तक गईं। आईटीओ मेट्रो स्टेशन से वह दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस में सवार हुईं और सचिवालय पहुंचीं।
रेखा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एक बार फिर मैंने सोमवार को दिल्ली सचिवालय जाने के लिए मेट्रो और डीटीसी बस को चुना। इतने सारे दिल्लीवासियों को सार्वजनिक परिवहन को अपनी दैनिक यात्रा का हिस्सा बनाते हुए देखकर मुझे गर्व हो रहा है।”
उन्होंने कहा, “मेट्रो या बस की हर यात्रा और साझा सवारी से यातायात, प्रदूषण और ईंधन की खपत कम करने में मदद मिलती है। एक छोटा कदम, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा प्रभाव।”
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी तिलक मार्ग स्थित अपने आवास से दिल्ली विधानसभा तक जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल किया। वहीं, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह नयी दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) की बैठक में शामिल होने के लिए साइकिल से पहुंचे।
उच्चतम न्यायालय मेट्रो स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करते हुए, विधानसभा अध्यक्ष ने यात्रियों से बातचीत की और दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
गुप्ता ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत के आह्वान से प्रेरित यह पहल नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने तथा ईंधन बचाने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह पहल राष्ट्रीय राजधानी में सतत शहरी परिवहन को बढ़ावा देने, यातायात के बोझ को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के मामले में जनभागीदारी को सशक्त बनाने का भी उद्देश्य रखती है।”
अपनी यात्रा के दौरान गुप्ता ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो बदली और वहां से विधानसभा मेट्रो स्टेशन तक यात्रा कर दिल्ली विधानसभा पहुंचे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह मध्य दिल्ली स्थित अपने आवास से साइकिल चलाते हुए संसद मार्ग पर स्थित एनडीएमसी मुख्यालय ‘पालिका केंद्र’ पहुंचे, जहां उन्होंने परिषद की बैठक में हिस्सा लिया।
सिंह ने कहा, “सोमवार को सभी अधिकारी, कर्मचारी, मुख्यमंत्री और मंत्री सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करेंगे। चूंकि, एनडीएमसी कार्यालय मेरे घर के पास स्थित है और वहां मेरी एक बैठक थी, इसलिए मैं साइकिल से गया। हम जितना अधिक ईंधन बचाएंगे, उतना ही बेहतर होगा।”
पश्चिम एशिया में अनिश्चितताओं के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की बचत के लिए राष्ट्रव्यापी प्रयासों के तहत दिल्ली सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए हफ्ते में दो दिन ‘वर्क-फ्रॉम-होम’, ‘नो कार डे’, ऑनलाइन बैठकें और सरकारी वाहनों के कम उपयोग जैसे उपायों की भी घोषणा की है।
भाषा
नोमान
नोमान पारुल
पारुल

Facebook


