केरलम और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ने दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक से इतर की बातचीत

Ads

केरलम और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ने दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक से इतर की बातचीत

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 01:19 PM IST

तिरुवनंतपुरम/चेन्नई, 20 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने चेन्नई में आयोजित दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक से इतर तमिलनाडु के अपने समकक्ष सी. जोसेफ विजय के साथ अहम बातचीत की।

सतीशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘चेन्नई के महाबलीपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक से इतर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ महत्वपूर्ण बातचीत हुई। केरल के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पी. के. कुन्हालीकुट्टी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा के लिए दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की इस बैठक का आयोजन किया।

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरलम, तमिलनाडु और तेलंगाना के अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप शामिल हैं।

केंद्र सरकार के अनुसार, यह परिषद केंद्र और सदस्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच मुद्दों और विवादों के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में काम करती है।

कर्नाटक-तमिलनाडु, तेलंगाना-आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु-केरलम के बीच लंबे समय से नदी जल बंटवारे को लेकर विवाद है।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा